कोरबा : विशेष आवश्यकता वाले बच्चों से मिले राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा
कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने कोरबा प्रवास के दौरान विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए संचालित कब, बुलबुल, स्काउट एवं गाइड इकाई से मुलाकात की। उन्होंने दिव्य ज्योति विशेष विद्यालय का भ्रमण कर यहां बच्चों के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया और विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की।

कोरबा शहर में संचालित दिव्य ज्योति विशेष विद्यालय में 100 से अधिक विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की कब, बुलबुल, स्काउट एवं गाइड इकाई नियमित रूप से संचालित की जा रही है। विद्यालय पहुंचने पर विशेष बच्चों ने स्वयं तैयार किए गए कागज के आकर्षक गुलदस्ते भेंट कर राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा का आत्मीय स्वागत किया। विद्यालय की शिक्षिका एवं लेडी स्काउट मास्टर कोयना सिंह ने राज्य मुख्य आयुक्त को विद्यालय के संचालन तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान श्री खालसा ने बच्चों के पुनर्वास, कौशल विकास, संचार क्षमता तथा व्यवहार संबंधी गतिविधियों का अवलोकन किया और बच्चों से संवाद भी किया। इस संवाद को साइन लैंग्वेज के माध्यम से बच्चों को बताया गया। राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने कहा कि इस तरह के विशेष विद्यालय में उनका यह पहला आगमन है। उन्होंने दिव्य ज्योति विशेष विद्यालय के प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को भी सामान्य बच्चों की तरह शिक्षा, कौशल और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें कॅरियर तथा राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग की गतिविधियां बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। विशेष बच्चों को भी इन गतिविधियों से जोड़ना सराहनीय पहल है।

स्काउट-गाइड गणवेश पर 50% छूट की घोषणा
श्री खालसा ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की कब, बुलबुल एवं स्काउट्स-गाइड्स इकाई के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि राज्य मुख्यालय द्वारा उन्हें 50 प्रतिशत छूट पर स्काउट-गाइड का गणवेश उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विशेष बच्चों को स्काउटिंग गतिविधियों में और अधिक उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ भाग लेने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य संगठन आयुक्त स्काउट अमित कुमार क्षत्रिय, जिला मुख्य आयुक्त एवं स्टेट कोऑर्डिनेटर मोहम्मद सादिक शेख, जिला संगठन आयुक्त द्वय डीगम्बर सिंह कौशिक एवं उत्तरा मानिकपुरी, जॉली पाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्काउट-गाइड पदाधिकारी उपस्थित रहे।









