प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में कोरबा जिले का डंका, समाजसेवा के उत्कृष्ट कार्यों के लिए मिला सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार

कोरबा। समाजसेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए कोरबा जिले को प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जिले की टीम द्वारा स्वास्थ्य, नेत्र जांच एवं जरूरतमंदों की सेवा के क्षेत्र में किए गए कार्यों को प्रदेश स्तर पर सराहा गया। इस उपलब्धि से कोरबा जिले के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है।
कोरबा जिले के अध्यक्ष महावीर जैन को उनके नेतृत्व में किए गए उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ दिव्यांग विकास निगम के अध्यक्ष (राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त) वीर लोकेश कावड़िया एवं मीसो प्रदेश अध्यक्ष वीर राजेंद्र जैन के करकमलों से उन्हें सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार प्रदान किया गया।
यह सम्मान कोरबा जिले की पूरी टीम की मेहनत, सेवा भावना और समर्पण का परिणाम बताया गया। जिले की टीम ने विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सेवा पहुंचाने का प्रयास किया है।
अपोलो हॉस्पिटल के सहयोग से स्वास्थ्य एवं आई कैंप
समाजसेवा के क्षेत्र में कोरबा जिले द्वारा अपोलो हॉस्पिटल के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर एवं आई कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में जरूरतमंद लोगों की स्वास्थ्य एवं नेत्र संबंधी जांच की गई तथा उन्हें उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। जनहित से जुड़े इन कार्यों को प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में विशेष सराहना मिली।
सम्मेलन में शामिल हुए जिले के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के अवसर पर कोरबा जिले से करीब 15 से 20 सदस्य प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में शामिल हुए। इनमें महावीर जैन, पीयूष जैन, अमित जैन, नीरज जायसवाल, प्रकाश कोचर, गौतम जैन एवं संतोष जैन सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पुरस्कार पूरी टीम को समर्पित : महावीर जैन
महावीर जैन ने कहा कि यह पुरस्कार व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि कोरबा जिले की पूरी टीम और उन सभी समाजसेवियों को समर्पित है, जिन्होंने सेवा कार्यों में अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने से समाजसेवा के प्रति जिम्मेदारी और उत्साह दोनों बढ़े हैं। आने वाले समय में कोरबा जिले की टीम द्वारा समाजहित एवं जनसेवा के कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रदेश स्तर पर कोरबा जिले को मिला यह सम्मान सामाजिक क्षेत्र में जिले की बढ़ती सक्रियता और उत्कृष्ट कार्यों की पहचान है। इस उपलब्धि से पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार हुआ है और भविष्य में और बेहतर सेवा कार्य करने का संकल्प लिया गया।

About The Author

मुख्य ख़बर