साइबर जागृति अभियान: कोरबा में 3500 विद्यार्थियों और शिक्षकों को किया जागरूक, UPI फ्रॉड से बचने के बताए तरीके


कोरबा। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोरबा पुलिस द्वारा जिले में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत शनिवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के दौरान करीब 3500 विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर फ्रॉड, UPI फ्रॉड, बैंकिंग फ्रॉड सहित ऑनलाइन अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में थाना कोतवाली, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन, पाली, बांगो, रजगामार, कटघोरा और पसान पुलिस द्वारा विभिन्न विद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम किए गए।
इस दौरान निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल, ब्लू बर्ड पब्लिक स्कूल, स्वामी आत्मानंद स्कूल, DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल जेंजरा, DAV मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल बड़मार, गायत्री मंदिर स्कूल CSEB, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कोरबा और हाई स्कूल माखनपुर पाली सहित अन्य स्थानों पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को समझाया कि OTP, UPI PIN, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। इसके अलावा अनजान लिंक पर क्लिक करने, फर्जी कॉल का जवाब देने, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने और फर्जी वेबसाइट पर निजी जानकारी दर्ज करने से बचने की सलाह दी गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को झांसे में लेकर बैंक खातों से रकम निकाल रहे हैं। ऐसे में थोड़ी सी सावधानी ऑनलाइन ठगी से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो घबराए नहीं और तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके साथ ही cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस के मुताबिक, समय पर शिकायत मिलने से ठगी की रकम को रोकने या वापस कराने की संभावना बढ़ सकती है।
पुलिस ने नागरिकों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराध के प्रति सजग रहने की अपील की है। अभियान के माध्यम से संदेश दिया गया कि सजग रहें, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।
Paras Jain, Editor of Nagar Darpan News, delivering insightful journalism with a focus on local and regional news. Stay informed with his expert reporting and analysis.