कोरबा पुलिस का बड़ा खुलासा: मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में चोरी के दो मामले सुलझे, 3 आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। थाना कोतवाली क्षेत्र के पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर अंतर्गत मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में हुई चोरी की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम और घटना में इस्तेमाल लोहे का सब्बल बरामद किया गया है।
मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में चोरी की दोनों घटनाओं की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेहियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान तीनों आरोपियों की दोनों चोरी की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई।
पुरानी एल्यूमिनियम खिड़कियों को बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मिनीमाता कन्या महाविद्यालय की इमारत में प्रवेश कर वहां लगी पुरानी इस्तेमाल की हुई एल्यूमिनियम की खिड़कियां चोरी की थीं। मामले में अपराध क्रमांक 685/2026 और 687/2026 दर्ज कर जांच की जा रही थी।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया एल्यूमिनियम फ्रेम और वारदात में इस्तेमाल लोहे का सब्बल जब्त किया गया।
ये तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
- सागर कश्यप (22), पिता स्व. ललन कश्यप, निवासी मुड़ापार महंत मोहल्ला, चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली, कोरबा।
- आकाश उरांव उर्फ टब्बरी (21), पिता बी.पी. उरांव, निवासी मुड़ापार साहू मोहल्ला, चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली, कोरबा।
- ईश्वर बंजारे (21), पिता रतन बंजारे, निवासी रामनगर दुर्गा पंडाल के पास, चौकी मानिकपुर, थाना कोतवाली, कोरबा।
तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305(1) और 3(5) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
कोरबा पुलिस ने की लोगों से अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के पास चोरी का सामान बिक्री के लिए रखा हुआ दिखाई दे या कोई व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी के सामान के साथ नजर आए, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने कहा कि नागरिकों की छोटी-सी सूचना किसी बड़ी चोरी या अपराध का खुलासा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान आवश्यकतानुसार गोपनीय रखी जाएगी।









