कोरबा ब्रेकिंग: स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर बड़ी कार्रवाई, 64 दुकानों पर जुर्माना

कोरबा। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने नगर निगम ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय खुद सड़क पर उतरे और स्कूल-कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में स्थित दुकानों, ठेलों और गुमठियों का निरीक्षण कराया।

कार्रवाई के दौरान 64 दुकानों पर कार्रवाई, 8 दुकानों की सीलिंग और कुल 27,100 रुपए का अर्थदंड लगाया गया। टीम ने बड़ी मात्रा में बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, गुड़ाखू समेत अन्य तंबाकू उत्पाद भी जब्त किए।

नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कोसाबाड़ी, टीपीनगर, कोरबा, रविशंकर नगर, बालको, दर्री और सर्वमंगलानगर जोन में कार्रवाई की।

आयुक्त ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री या भंडारण दोबारा पाए जाने पर जब्ती, जुर्माने के साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

About The Author