CG News : पहले एक मजदूर आया चपेट में, बचाने गया दूसरा भी झुलसा

CG News :  बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक दर्दनाक हादसे में 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब दोनों मजदूर निर्माणाधीन मकान में दीवार जोड़ाई का काम कर रहे थे। पहले एक मजदूर करंट की चपेट में आया और उसे बचाने पहुंचे दूसरे मजदूर को भी बिजली ने अपनी चपेट में ले लिया। करंट का झटका इतना तेज था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-2 की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

दीवार जोड़ाई के दौरान हाईटेंशन लाइन से लगा करंट

जानकारी के मुताबिक, कस्तूरबा नगर रिंग रोड नंबर-2 स्थित एक निर्माणाधीन मकान में मजदूर दीवार जोड़ाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान भूपेंद्र साहू का संपर्क मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन से हो गया।

CG Weather Today : राजधानी में छाए रहेंगे बादल, बारिश से उमस से मिल सकती है राहत

भूपेंद्र को करंट की चपेट में आया देखकर साथी मजदूर रवि बंजारे उसे बचाने के लिए दौड़ा। लेकिन वह भी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करंट लगते ही एक मजदूर नीचे गिर गया, जबकि दूसरा बिजली के तार में फंस गया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे के रूप में

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान भूपेंद्र साहू और रवि बंजारे के रूप में हुई है। दोनों अशोक नगर स्थित डीएलएस कॉलेज के पास के निवासी बताए जा रहे हैं।

जिस निर्माणाधीन मकान में हादसा हुआ, वह अनूप सिंह का बताया गया है।

पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और निर्माण कार्य के दौरान बरती गई सावधानियों की भी जांच की जा रही है।

निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल

शुरुआती जांच में निर्माणाधीन मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन और निर्माण कार्य के बीच पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की बात सामने आ रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि निर्माण कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इसके अलावा यह भी देखा जा रहा है कि हाईटेंशन लाइन के आसपास काम करने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए थे या नहीं।

पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद हादसे के लिए जिम्मेदारी तय कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author