Korba News: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के पौधे को कटवाना पड़ा भारी, स्टील एंपोरियम संचालक पर पुलिस की कार्रवाई

कोरबा। पर्यावरण संरक्षण के लिए चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए पौधे को कटवाना निहारिका स्थित ममता स्टील एंपोरियम के संचालक को महंगा पड़ गया। नगर निगम की शिकायत के बाद पुलिस ने संचालक और उसके कर्मचारी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

कर्मचारी से कटवाया पेड़, फेंकने का आरोप

जानकारी के अनुसार, निहारिका क्षेत्र में नगर निगम की ओर से सड़क किनारे वृक्षारोपण अभियान के तहत पौधा लगाया गया था। आरोप है कि ममता स्टील एंपोरियम के संचालक किशोर अग्रवाल ने अपने कर्मचारी सुधीर गिरी को पेड़ काटने और उसे फेंकने के निर्देश दिए।

मामले की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम की टीम ने बिना अनुमति सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की शिकायत सिविल लाइन थाना रामपुर में दर्ज कराई।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ की कार्रवाई

रामपुर थाना प्रभारी आस्था शर्मा के मुताबिक, नगर निगम द्वारा क्षेत्र में वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत लगाए गए पेड़ को कथित तौर पर कटवाकर फेंक दिया गया।

लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए किशोर अग्रवाल और कर्मचारी सुधीर गिरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

60 हजार पेड़ लगाने का लक्ष्य

जिले में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए 60 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के तहत लगाए गए पौधों को नुकसान पहुंचाने या काटने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि वे पौधों की सुरक्षा में सहयोग करें और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

About The Author