CG Furniture Scam: 2010-11 के कथित फर्नीचर घोटाले की जांच तेज, 4 अगस्त को ACB के सामने पेश होंगे 10 प्रधान पाठक
CG Furniture Scam : अंबिकापुर। सरकारी स्कूलों में वर्ष 2010-11 के दौरान हुए कथित 2.70 करोड़ रुपये के फर्नीचर घोटाले की जांच अब तेज हो गई है। ACB ने मामले में कार्रवाई बढ़ाते हुए 10 स्कूलों के तत्कालीन प्रधान पाठकों को नोटिस जारी किया है। सभी को 4 अगस्त 2026 को अंबिकापुर स्थित ACB कार्यालय में मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
ACB ने प्रधान पाठकों से स्टॉक रजिस्टर, फर्नीचर प्राप्ति की रसीद और अन्य रिकॉर्ड मांगे हैं। जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि सरकारी राशि से जिन स्कूलों के नाम पर फर्नीचर की आपूर्ति दिखाई गई, वहां वास्तव में सामग्री पहुंची थी या सिर्फ दस्तावेजों में आपूर्ति दिखाकर भुगतान कर दिया गया।
मामले में पहले ही IPC की धारा 420, 120-B और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज की जा चुकी है। अब दस्तावेजों के मिलान के जरिए भुगतान और वास्तविक आपूर्ति की स्थिति जांची जा रही है।
बताया जा रहा है कि मामला सूरजपुर की श्याम इंडस्ट्री से सरकारी स्कूलों में फर्नीचर की कथित आपूर्ति से जुड़ा है। रिकॉर्ड सत्यापन के बाद तत्कालीन अधिकारियों, प्रधान पाठकों और संबंधित फर्मों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।
4 अगस्त को होने वाली दस्तावेजों की जांच को अहम माना जा रहा है। इसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की दिशा तय होने की संभावना है।









