लिटिल स्टेप स्कूल में गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन समारोह का हुआ आयोजन
कोरबा, भारत विकास परिषद, शक्ति स्वरूपा शाखा, कोरबा के तत्वावधान में लिटिल स्टेप स्कूल में गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारत विकास परिषद, शक्ति स्वरूपा शाखा की अध्यक्ष श्रीमती पद्मिनी साहू उपस्थित रहीं। इस अवसर पर राष्ट्रीय गतिविधि संस्कार प्रकल्प के सदस्य श्री धर्मेश कुंदेशरिया, संस्कार प्रमुख श्री विष्णु मिश्रा, भारत विकास परिषद के श्री महेश गुप्ता, संस्कार प्रमुख श्रीमती भारती अरोरा, भारत को जानो प्रमुख श्रीमती पूर्णिमा सोनी, गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन प्रकल्प प्रमुख श्रीमती मीना पुरी, श्रीमती ललिता सिंह, श्रीमती हेमा शर्मा, विद्यालय के प्रबंधक श्री विजेंद्र सिंह एवं प्राचार्या श्रीमती मीना पुरी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का तिलक, आरती एवं पुष्प अर्पित कर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए संस्कार, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों का महत्व बताया।
इस अवसर पर श्रीमती पद्मिनी साहू ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि गुरु का सम्मान भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा है। विद्यार्थियों को अपने जीवन में सदैव गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं अच्छे संस्कारों को अपनाना चाहिए। यही संस्कार उन्हें जीवन में सफलता के मार्ग पर अग्रसर करेंगे।
संस्कार प्रमुख श्री विष्णु मिश्रा, श्री धर्मेश कुंदेशरिया एवं श्रीमती भारती अरोरा ने भी विद्यार्थियों को गुरु के महत्व, भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों पर प्रेरक विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत एवं गुरु वंदना पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिनकी सभी अतिथियों ने सराहना की। अंत में सभी ने इस आयोजन को विद्यार्थियों में संस्कार एवं गुरु सम्मान की भावना विकसित करने वाला प्रेरणादायी कार्यक्रम बताया।









