राताखार बाईपास में दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत

कोरबा। जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार बाईपास में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार मृतक युवक सीएसईबी के डीएसपीएम प्लांट में कार्यरत था। वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान राताखार बाईपास के पास तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने ट्रेलर चालक के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राताखार बाईपास क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुधारने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है।

About The Author