CG Weather Today: बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर का असर, प्रदेशभर में बढ़ेगी बारिश
CG Weather Update
रायपुर। CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में मानसून का ब्रेक खत्म होने के बाद एक बार फिर बारिश का दौर तेज हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर सिस्टम का असर अब पूरे प्रदेश में दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम सुहावना बना हुआ है और मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।
CG Weather Today: रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन जिलों में हुई अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार—
- शंकरगढ़ और कुसमी में 9-9 सेंटीमीटर
- चांदो में 8 सेंटीमीटर
- पटना में 6 सेंटीमीटर
- समरी में 5 सेंटीमीटर
- बलरामपुर और दौरा कोचली में 4-4 सेंटीमीटर
- बोराई, बिहारपुर, कोटा, रामानुजनगर, मरवाही, चलगली और अंबिकापुर में 3-3 सेंटीमीटर
- सकरी, भिलाई, रघुनाथ नगर और अहिवारा में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
तापमान में आई गिरावट
बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को दुर्ग में सबसे अधिक 33.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट पर एक सुचिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र (Low Pressure Area) सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। यह सिस्टम अगले दो दिनों में उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा, जिसका असर छत्तीसगढ़ में भी लगातार बना रहेगा।
अगले तीन दिन बारिश का दौर रहेगा जारी
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है। लोगों को गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।









