‘सजग कोरबा, सतर्क कोरबा’ अभियान: जिलेभर में 49 जगह नाकेबंदी, सघन जांच
कोरबा। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने शनिवार को जिलेभर में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित कर 49 स्थानों पर एक साथ नाकेबंदी और सघन वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में दोपहर 2 से 4 बजे तक चले इस अभियान का उद्देश्य पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था।
अभियान के दौरान थाना एवं चौकी प्रभारियों ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और दस्तावेजों की गहन जांच की। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी नाकेबंदी स्थलों की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए बैरिकेडिंग, वायरलेस संचार और पुलिस बल की आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का भी मूल्यांकन किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।









