रोटरी क्लब बिलासपुर क्वीन्स ने आयोजित किया विशाल रक्तदान शिविर, रक्तदाताओं को हेलमेट व उपयोगी सामग्री की गई वितरित

बिलासपुर। रोटरी क्लब बिलासपुर क्वीन्स द्वारा नए रोटरी सत्र के शुभारंभ अवसर पर एसीएम रेडीमिक्स, सीपत सेक्टर-2 में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आशीर्वाद ब्लड बैंक का विशेष सहयोग रहा। समाज सेवा एवं मानवता की भावना से आयोजित इस शिविर में लगभग 50 से 60 रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया, जिनमें बड़ी संख्या में युवा भी शामिल रहे।

रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों को इस महादान से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित शिविर को प्रतिभागियों का भरपूर समर्थन मिला। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए सभी रक्तदाताओं एवं प्रतिभागियों को हेलमेट वितरित किए गए। वहीं पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से पानी की बोतलें तथा स्वास्थ्य जागरूकता के तहत नेक बेल्ट भी प्रदान किए गए।

रोटरी क्लब बिलासपुर क्वीन्स की अध्यक्ष भारती सालुंके ने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है।” उन्होंने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं समाजसेवी कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन करने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम की सफलता में क्लब की सचिव रिंपी होरा, कोषाध्यक्ष मनजीत सैनी सहित अंजली अग्रवाल, रश्मि पटारिया, रश्मि जैन, दीप्ति बंसल, स्वाति श्रीवास्तव, निधि पांडे एवं भारती यादव का विशेष सहयोग रहा।

रक्तदान शिविर के माध्यम से रोटरी क्लब बिलासपुर क्वीन्स ने सेवा, मानवता, सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता का प्रभावी संदेश देते हुए समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सिद्ध किया।

About The Author