बिलासपुर प्रेस क्लब को रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वींस ने भेंट किया वाटर कूलर, सेवा कार्यों की उपलब्धियां भी गिनाईं
बिलासपुर। रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वींस की ओर से बिलासपुर प्रेस क्लब को एक वाटर कूलर भेंट किया गया। क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन सीमा ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों की मौजूदगी में यह सेवा कार्य संपन्न हुआ।
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में अध्यक्ष सीमा ठाकुर, सचिव भारती सालुके और कोषाध्यक्ष प्रियंका रिकी जिवनानी ने बताया कि रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वींस की स्थापना वर्ष 2018 में हुई थी। यह रोटरी इंटरनेशनल की महिला सदस्यों द्वारा संचालित शाखा है, जो शिक्षा, स्वास्थ्य, जनजागरूकता और समाज सेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में तत्कालीन अध्यक्ष रोटेरियन प्रेरणा सुराणा के कार्यकाल में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 10 पिंक लाइन उपलब्ध कराई गईं, जिससे कई महिलाओं को रोजगार मिला।
वर्ष 2020-21 में रोटेरियन शिल्पी चौधरी के नेतृत्व में कोरोना महामारी के दौरान मरीजों को ऑक्सीजन सिलेंडर और बेड उपलब्ध कराने के साथ ही जरूरतमंद परिवारों तक राशन और दवाइयां पहुंचाई गईं। इसके अलावा गनियारी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवजात शिशुओं के लिए नियोनेटल आईसीयू की स्थापना में भी सहयोग दिया गया।
वर्ष 2022 में वसुंधरा नगर में रोटरी गार्डन का निर्माण कराया गया। वहीं 2023 में अध्यक्ष रोटेरियन वंदना सिंह के कार्यकाल में बर्न केस से पीड़ित 15 महिलाओं का उपचार कराया गया, एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई, जरूरतमंद वेंडर्स को ठेले वितरित किए गए तथा ग्राम गातौरी के प्राथमिक विद्यालय का नवीनीकरण कराया गया।
वर्ष 2024 में रोटेरियन मनीषा जायसवाल के नेतृत्व में रोटरी गार्डन में मंदिर का निर्माण, स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन तथा ग्राम लिमतरी के प्राथमिक विद्यालय का नवीनीकरण कराया गया।
इस अवसर पर क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था आगे भी समाजहित के विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगी।









