CG NEWS : 48 मकानों पर चलेगा बुलडोजर’ नकटी गांव में प्रशासन सख्त, भारी पुलिस बल के बीच बढ़ी हलचल
CG NEWS : रायपुर। राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र स्थित ग्राम नकटी में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी परियोजना को लेकर एक बार फिर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। प्रशासन ने गांव के वार्ड नंबर 16 और 17 में स्थित करीब 48 मकानों को खाली कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए रविवार देर रात से ही राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन किसी भी समय बेदखली की कार्रवाई शुरू कर सकता है।
देर रात पहुंची प्रशासन और पुलिस की टीम
जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग, पुलिस और अन्य प्रशासनिक अमले की संयुक्त टीम रविवार देर रात गांव पहुंची। इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं ताकि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। गांव के प्रमुख रास्तों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे क्षेत्र पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।
कोरिया BJP हत्याकांड में पुलिस का शिकंजा कसता गया, 3 और आरोपी गिरफ्तार
विधायक कॉलोनी परियोजना के लिए खाली कराई जाएगी जमीन
बताया जा रहा है कि नकटी गांव की जिस भूमि पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, वहां प्रस्तावित विधायक कॉलोनी विकसित की जानी है। इसी परियोजना के लिए वार्ड क्रमांक 16 और 17 के लगभग 48 मकानों को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रशासन का कहना है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में चिंता और हलचल
प्रशासन की तैयारियों के बीच गांव के प्रभावित परिवारों में चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के कारण लोग अपने घरों के बाहर एकत्रित नजर आए। कई परिवार अपने सामान को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी में जुटे हैं। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि वे प्रशासन से अपनी बात रखने और उचित समाधान की मांग करेंगे।
स्थिति पर प्रशासन की नजर, शांति बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने पूरे इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासनिक प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रित स्थिति बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई के दौरान सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जाएगा और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।









