शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, गिरफ्तारी नहीं होने पर पीड़िता पहुंची एसपी कार्यालय
कोरबा। जिले में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज पीड़िता अपने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंची और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी निखिल रजक ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन बाद में शादी से इनकार कर दिया। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उसका अपमान किया।
पीड़िता का कहना है कि महिला थाना और दर्री थाना में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उसने मामले में पुलिस की कथित लापरवाही की जांच और आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









