कोरबा: हत्या के प्रयास का आरोपी रज्जाक अली गिरफ्तार, तीन दशकों से अपराधों में लिप्त बदमाश पर NSA की तैयारी
कोरबा। जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में पुलिस ने कुख्यात आरोपी रज्जाक अली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर न केवल इस मामले में कार्रवाई हुई है, बल्कि उसके खिलाफ जिला बदर और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, 15 जून 2026 को थाना सिविल लाइन रामपुर में आरोपी रज्जाक अली एवं उसके साथियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। प्रार्थी शिवबालक सिंह तोमर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जिला जेल के पास पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उनका रास्ता रोका, गाली-गलौज की और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने लोहे के डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर प्रार्थी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस हमले में उसके दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रज्जाक अली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गवाहों को धमकाने का भी आरोप
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा लगातार गवाहों को धमकाया जा रहा था और उन्हें बयान बदलने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ अलग से एक और मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
तीन दशकों से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रज्जाक अली पिछले लगभग 30 वर्षों से हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, मारपीट, आगजनी, अवैध हथियार, नारकोटिक्स एक्ट सहित कई गंभीर अपराधों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
NSA और जिला बदर की कार्रवाई प्रस्तावित
आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों और समाज में भय का माहौल बनाने की प्रवृत्ति को देखते हुए पुलिस ने उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन तैयार कर कलेक्टर कार्यालय भेज दिया है। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।









