CG NEWS : हत्याकांड के बाद सख्ती, कटगोड़ी और आसपास के क्षेत्रों में धारा 163 लागू

CG NEWS : कोरिया। कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की हत्या के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और शांतिभंग की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने महलपारा बैकुंठपुर, नौगई तथा कटगोड़ी स्थित भरत सिंह के क्रेशर प्लांट क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम कटगोड़ी में पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की गाड़ी में आग लगा दी थी। आगजनी की इस घटना में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग एकत्र होने लगे।

US-Iran Agreement : Donald Trump–ईरान शांति समझौता, वर्साय से दुनिया को बड़ी राहत

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग तुरंत सक्रिय हो गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में धारा 163 लागू कर दी गई है। इसके तहत बिना अनुमति के लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने और अन्य गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

उधर, पुलिस ने हत्या और आगजनी के मामले में जांच तेज कर दी है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश को प्रमुख कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

भाजपा नेता की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन का कहना है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

About The Author