बस्तर के ‘नक्सल फाइटर’ सुंदरराज पी. अब NIA में संभालेंगे कमान

IPS Sundarraj P : रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का नेतृत्व करने वाले वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी. अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। केंद्र सरकार ने उन्हें एनआईए में महानिरीक्षक (IG) पद पर नियुक्त किया है। इस संबंध में केंद्र सरकार ने राज्य के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर उन्हें जल्द से जल्द कार्यमुक्त करने का अनुरोध किया है।

वर्ष 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी सुंदरराज पी. बस्तर रेंज के सबसे लंबे समय तक पदस्थ रहने वाले पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रहे हैं। उनके कार्यकाल में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं। नक्सल संगठन के शीर्ष कैडरों के खिलाफ चलाए गए अभियानों और सुरक्षा रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

CG NEWS : राज्य सरकार का बड़ा फैसला, 27 अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां

बस्तर में उनके नेतृत्व में पुलिस और सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए, जिसके परिणामस्वरूप कई बड़े नक्सली मारे गए, गिरफ्तार हुए और बड़ी संख्या में नक्सलियों ने आत्मसमर्पण भी किया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास बढ़ाने की दिशा में भी उल्लेखनीय कार्य किया।

31 मार्च तक चले विशेष अभियानों के दौरान नक्सल नेटवर्क को कमजोर करने और संगठन के प्रभाव को सीमित करने में सुंदरराज पी. की रणनीति को काफी प्रभावी माना गया। बस्तर में सुरक्षा बलों की बढ़ती सफलता के पीछे उनके नेतृत्व और समन्वय क्षमता को प्रमुख कारणों में गिना जाता है।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी में उनकी नियुक्ति को उनकी कार्यकुशलता और अनुभव का सम्मान माना जा रहा है। एनआईए देश की प्रमुख आतंकवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों की जांच करने वाली एजेंसी है। ऐसे में सुंदरराज पी. का अनुभव एजेंसी के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।

केंद्र सरकार द्वारा जारी आदेश के बाद अब राज्य सरकार उनके रिलीव होने की प्रक्रिया पूरी करेगी। उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने से छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे में भी नए प्रशासनिक फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।

 

About The Author