मुख्यमंत्री से राज्य विधिज्ञ परिषद के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, अधिवक्ताओं की 12 प्रमुख मांगों का ज्ञापन सौंपा

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के अध्यक्ष रविंद्र कुमार पाराशर, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष एवं सदस्यगण ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि के साथ आज रायपुर में माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान अधिवक्ताओं के हितों से जुड़ी 12 प्रमुख मांगों का विस्तृत ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा गया।

ज्ञापन में मुख्य रूप से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने, अधिवक्ताओं के लिए डेथ क्लेम की राशि 5 लाख रुपये करने, मेडिक्लेम सुविधा प्रदान करने तथा नवप्रवेशी जूनियर अधिवक्ताओं को 20,000 रुपये की सहयोग राशि उपलब्ध कराने सहित अन्य महत्वपूर्ण मांगों को शामिल किया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि अधिवक्ताओं की सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण के लिए इन मांगों का पूरा होना अत्यंत आवश्यक है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक विचार करने तथा अधिवक्ताओं के हित में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

राज्य विधिज्ञ परिषद के कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार सोनी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा अधिवक्ताओं की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया गया है, जिससे प्रदेश के अधिवक्ताओं में उत्साह और विश्वास का माहौल बना है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शीघ्र ही इन मांगों पर ठोस निर्णय लिए जाएंगे, जिससे अधिवक्ता समुदाय को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर राज्य विधिज्ञ परिषद के अध्यक्ष रविंद्र कुमार पाराशर, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सदस्यगण एवं बार काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About The Author