CG NEWS : वीडियो वायरल होते ही SP का एक्शन, रिश्वत के आरोप में प्रधान आरक्षक निलंबित
CG NEWS : जांजगीर-चांपा। जिले में पुलिस अधीक्षक (SP) ने भ्रष्टाचार के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पंतोरा चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन पर एक ग्रामीण से जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर 40 हजार रुपये लेने का आरोप है। शिकायत और वायरल वीडियो सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, बलौदा थाना क्षेत्र के निवासी विकास देवांगन ने पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपकर आरोप लगाया था कि पंतोरा चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक क्रमांक 396 रमेश त्रिपाठी ने उनकी जमीन पर कब्जा दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले उनसे 40 हजार रुपये की राशि ली गई।
देश को मिला नया आर्मी चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल Dheeraj Seth’ की नियुक्ति को केंद्र की मंजूरी
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब प्रधान आरक्षक का कथित रूप से पैसे लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में वह यह कहते हुए भी नजर आ रहे हैं कि “एसपी से शिकायत करके मुझे लाइन अटैच करा दो।” वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को निलंबित कर दिया। विभागीय स्तर पर मामले की जांच भी प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विभाग में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा है कि भ्रष्टाचार के आरोपों पर त्वरित कार्रवाई से आम जनता का विश्वास बढ़ेगा।









