कोरबा में रक्तदान महादान: शिवाय हॉस्पिटल में उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों लोग कर रहे हैं रक्तदान
कोरबा। राष्ट्रीय रक्तदाता दिवस के अवसर पर शिवाय हॉस्पिटल एवं संवेदना ब्लड सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में शहरवासियों का उत्साह देखने लायक है। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचकर स्वेच्छा से रक्तदान कर रहे हैं। शिविर स्थल पर लगातार रक्तदाताओं की भीड़ उमड़ रही है और सैकड़ों की तादाद में नागरिक इस पुण्य कार्य में भागीदारी निभा रहे हैं।
अस्पताल प्रबंधन द्वारा रक्तदाताओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम की निगरानी में सभी आवश्यक स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए रक्त संग्रह किया जा रहा है। रक्तदान करने पहुंचे युवाओं, महिलाओं, सिख समुदाय, सिंधी समुदाय और सामाजिक संगठनों के सदस्यों में विशेष उत्साह देखा गया।


शिविर के आयोजकों ने बताया कि रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। शिविर से प्राप्त रक्त का उपयोग विशेष रूप से जरूरतमंद मरीजों एवं थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के उपचार में किया जाएगा।
अस्पताल प्रबंधन ने शहरवासियों से अपील की है कि जो लोग अभी तक रक्तदान नहीं कर पाए हैं, वे आज ही शिवाय हॉस्पिटल, नया बस स्टैंड, ट्रांसपोर्ट नगर, कोरबा पहुंचकर इस महादान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। रक्तदान शिविर शाम 4 बजे तक संचालित रहेगा।
“एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी की आखिरी उम्मीद बन सकता है। आइए, रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दें।”









