कोरबा में ‘सियान गुड़ी’ का शुभारंभ: बुजुर्गों को मिलेगा सम्मान, स्वास्थ्य और खुशियों से भरा नया ठिकाना
कोरबा। जिले में वरिष्ठ नागरिकों के लिए समर्पित “सियान गुड़ी” का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र बुजुर्गों के लिए एक आदर्श डे-केयर एवं सामाजिक केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जहां उन्हें सम्मानजनक, सुरक्षित और सक्रिय जीवन जीने का अवसर मिलेगा।
सियान गुड़ी में बुजुर्गों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह केंद्र न केवल उनके मनोरंजन का माध्यम बनेगा, बल्कि स्वास्थ्य, सामाजिक जुड़ाव और मानसिक सशक्तिकरण का भी प्रमुख केंद्र होगा।
यह केंद्र वातानुकूलित सुविधा से परिपूर्ण है, जहां बुजुर्गों के लिए आरामदायक एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया गया है। यहां दिन की शुरुआत प्रार्थना के साथ होती है, जिससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। साथ ही, बुजुर्गों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उनके अनुसार संतुलित एवं पौष्टिक भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

बुजुर्गों के लिए राहत का प्रयास
सियान गुड़ी बुजुर्गों के लिए एक सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण प्रदान करेगा, जहां वे अपने अनुभव साझा कर सकेंगे और नई गतिविधियों में भाग ले सकेंगे। यह पहल समाज में बुजुर्गों के सम्मान, देखभाल और सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यहां बुजुर्गों को अकेलेपन से बाहर निकालकर उन्हें सामाजिक रूप से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, जिससे उनके जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा।
सियान गुड़ी में उपलब्ध प्रमुख सुविधाएं
* लाफ्टर क्लब एवं सामूहिक गतिविधियां
* कैरम, शतरंज एवं अन्य इंडोर गेम्स
* योग एवं व्यायाम की व्यवस्था
* नियमित स्वास्थ्य जांच (बीपी, शुगर आदि)
* फिजियोथेरेपी एवं स्वास्थ्य परामर्श
* पुस्तकालय एवं समाचार पत्र
* मनोरंजन के लिए टीवी एवं संगीत
* स्वच्छ, सुरक्षित एवं आरामदायक बैठने की व्यवस्था
* सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
* बागवानी के साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता
* बच्चों युवाओं के साथ बुजुर्गों का ताल मेल
* एक महोत्सव बुजुर्गों के साथ सियान गुड़ी में
सियान गुड़ी के माध्यम से बुजुर्गों को एक ऐसा मंच मिलेगा, जहां वे अपने जीवन को पुनः उत्साह, आत्मसम्मान और खुशी के साथ जी सकेंगे। यह केंद्र जिले में बुजुर्गों के समग्र विकास और बेहतर जीवन गुणवत्ता की दिशा में एक सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।









