छत्तीसगढ़ की योजनाओं को मिली राष्ट्रीय पहचान, श्रीमती शोभा केड़िया बनीं मंगल परिणय समूह की राष्ट्रीय संयोजक
कोरबा। अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की इंदौर में आयोजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल के विशेष अनुरोध पर छत्तीसगढ़ में सफलतापूर्वक संचालित दो महत्वपूर्ण योजनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया, जिन्हें राष्ट्रीय कार्यसमिति द्वारा सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुलभूषण मित्तल के नेतृत्व में संपन्न बैठक में छत्तीसगढ़ की योजनाओं की सफलता, जनहितकारी स्वरूप एवं समाज में उनकी व्यापक स्वीकार्यता को देखते हुए इन्हें राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि रही कि मंगल परिणय योजना की राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी कोरबा की समाजसेवी श्रीमती शोभा केड़िया को सौंपते हुए उन्हें राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया। यह नियुक्ति न केवल कोरबा बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। श्रीमती केड़िया के नेतृत्व में यह योजना पहले ही अनेक परिवारों को लाभान्वित कर चुकी है और अब इसके देशव्यापी विस्तार का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

बैठक में व्यापार एवं उद्योग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में कोरबा के श्री अशोक मोदी की भी नियुक्ति की गई। विशेष उल्लेखनीय तथ्य यह रहा कि राष्ट्रीय स्तर पर सामान्यतः एक प्रदेश से केवल एक राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किए जाने की परंपरा रही है, किंतु छत्तीसगढ़ में विभिन्न योजनाओं की अभूतपूर्व सफलता को देखते हुए संगठन ने विशेष अनुमति प्रदान करते हुए दो राष्ट्रीय संयोजकों की नियुक्ति छत्तीसगढ़ से की है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर संगठन से जुड़े अनेक पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने श्रीमती शोभा केड़िया एवं श्री अशोक मोदी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। इस अवसर पर श्रीमती शोभा केड़िया ने इस बड़ी सफलता का श्रेय अपनी पूरी टीम और सहयोगियों को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास, समर्पण और निरंतर समाज सेवा का परिणाम है।
शुभकामनाएं देने वालों में राजेश अग्रवाल (रायपुर), रजनी डालमिया (बालको), शशि अग्रवाल (कोरबा), नीता डालमिया (मुंबई), माधुरी गोयल (सिमडेगा), दिशा अग्रवाल (जगदलपुर) एवं रीना अग्रवाल (बिलासपुर) प्रमुख रूप से शामिल हैं।
संगठन परिवार ने विश्वास व्यक्त किया है कि श्रीमती शोभा केड़िया एवं श्री अशोक मोदी अपने अनुभव, समर्पण और नेतृत्व क्षमता से राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे तथा समाज सेवा के नए आयाम स्थापित करेंगे।









