मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न रूढ़िवादी सोच छोड़ खुलकर करें चर्चा – वक्ताओं का संदेश
कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, कोरबा तथा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में “मासिक धर्म स्वच्छता दिवस” के अवसर पर आज पाम मॉल, फूड ज़ोन एरिया, कोरबा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा समाज में फैली भ्रांतियों और झिझक को दूर करना रहा।
कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, पूर्व अध्यक्ष पारस जैन, उपाध्यक्ष सतनाम मल्होत्रा, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला मुख्य आयुक्त मो. सादिक शेख, जिला संगठन आयुक्त गाइड उत्तरा मानिकपुरी, जिला संगठन आयुक्त स्काउट डीगम्बर सिंह कौशिक, जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड पुष्पा शांडिल्य जिला प्रशिक्षण आयुक्त स्काउट प्रीतम लाल रजवाड़े, ब्लॉक सचिव कोरबा नमिता श्यामकुंवर कड़वे, संयुक्त सचिव नोहर चंद्रा, जिला एड्स काउंसलर वीणा मिस्त्री, रोवर लीडर राजीव साहू, एव जगन्नाथ सिंह सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्काउट-गाइड सदस्य उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि मासिक धर्म कोई शर्म या छुपाने का विषय नहीं, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। आज भी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कई महिलाएं एवं किशोरियां जागरूकता के अभाव में संक्रमण और स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करती हैं। स्वच्छता का ध्यान रखकर तथा सही जानकारी अपनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में बताया गया कि मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई रखना, समय-समय पर सेनेटरी पैड बदलना, स्वच्छ पानी एवं साबुन का उपयोग करना और संतुलित आहार लेना बेहद आवश्यक है। विशेषज्ञों ने कहा कि लंबे समय तक एक ही पैड का उपयोग करने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही किशोरियों को इस विषय पर खुलकर चर्चा करने और किसी भी समस्या में डॉक्टर की सलाह लेने के लिए प्रेरित किया गया।
सभी वक्ताओं ने समाज से अपील की कि रूढ़िवादी सोच को छोड़कर इस विषय पर खुलकर संवाद करें ताकि महिलाओं और बेटियों को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने “पीरियड्स पर खुलकर बात करें” का संदेश देते हुए जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।









