कोरबा में AC कॉपर पाइप चोरी का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार; 6 नाबालिगों की भूमिका भी उजागर

कोरबा। जिले में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा किया है। पुलिस ने एसी (AC) के कॉपर पाइप चोरी प्रकरण में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में 6 विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है, जिन पर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

25 अप्रैल को दर्ज हुआ था मामला

पुलिस के अनुसार प्रार्थी की शिकायत पर 25 अप्रैल 2026 को थाना सिविल लाइन रामपुर में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत धारा 303(2), 3(5) बीएनएस में प्रकरण कायम कर जांच शुरू की गई थी।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी जांच, पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाई।

गिरफ्तार आरोपी

  • कमलेश पाण्डेय (38 वर्ष), निवासी लालघाट बालको
  • बिद्दू कुमार साव (28 वर्ष), निवासी राताखार बजरंग चौक
  • आशीष यादव (18 वर्ष), निवासी परसाभाठा गणेश चौक

पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।

नाबालिगों की भूमिका भी सामने आई

जांच के दौरान 6 विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी उजागर हुई है, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

चोरी का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एसी कॉपर पाइप के छोटे-छोटे टुकड़ों में काटे गए कुल 37 नग मशरूका बरामद कर जब्त किया है।

जेल भेजे गए आरोपी

सभी आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

About The Author