कोरबा में बड़ी कार्रवाई: आरोपी मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी का अवैध मकान तोड़ने पहुंचा नगर निगम का दस्ता
कोरबा में लोहे का पुल रातों-रात गायब करने के चर्चित मामले के आरोपी मुकेश साहू उर्फ “बरबट्टी” के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर निगम कोरबा का अमला गुरुवार को राताखार बस्ती पहुंचा, जहां सरकारी जमीन पर बने उसके कथित अवैध मकान को ढहाने की कार्रवाई की जा रही है।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान मौके पर 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस बल कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ नगर निगम की टीम को सुरक्षा मुहैया करा रहा है।
विरोध के बीच चला बुलडोजर
जानकारी के अनुसार, जब नगर निगम का तोड़ू दस्ता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा, तब परिवार के लोगों ने कार्रवाई का विरोध किया। हालांकि प्रशासन ने विरोध को नजरअंदाज करते हुए बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया।
अब तक मकान का बड़ा हिस्सा ढहा दिया गया है, जबकि कब्जा हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है।
सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर आलीशान मकान बनाने का आरोप है। इसी को लेकर नगर निगम द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है।
इलाके में लोगों की भीड़
कार्रवाई की सूचना मिलते ही राताखार क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पूरे इलाके में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।









