कोरबा में ‘अपने मन को स्वस्थ करें, अपने जीवन को स्वस्थ करें’ कार्यक्रम’ नशा मुक्ति रथ रवाना, सकारात्मक जीवनशैली का संदेश

कोरबा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय एवं रोटरी क्लब कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में “हील योर माइंड, हील योर लाइफ” विषय पर एक प्रेरणादायी एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सचिन परब उपस्थित रहे। साथ ही अतिथि के रूप में हरीश दुहान, डॉ. एस.एन. केसरी, नितिन चतुर्वेदी एवं बी.के. रुक्मणी मौजूद रहे। कार्यक्रम में शहर के चिकित्सकों, नर्सिंग छात्रों एवं सामाजिक संगठनों के सदस्यों की भी सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ माउंट आबू से विशेष रूप से पहुंचे नशा मुक्ति रथ के लोकार्पण, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। अतिथियों ने नशा मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ आगामी दो माह तक कोरबा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर जन-जन तक नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली एवं सकारात्मक सोच का संदेश पहुंचाएगा। इस अवसर पर नितिन चतुर्वेदी ने कहा कि रोटरी क्लब सदैव समाजहित एवं मानव सेवा के कार्यों में अग्रणी रहा है तथा इस प्रकार के जागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्य वक्ता डॉ. सचिन परब ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ जीवन की शुरुआत स्वस्थ मन से होती है। उन्होंने तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच, मेडिटेशन तथा आत्मशक्ति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जब मन सशक्त होता है, तब जीवन की हर चुनौती अवसर में परिवर्तित हो जाती है।

मुख्य अतिथि हरीश दुहान ने अपने संबोधन में कहा कि नशामुक्त, तनावमुक्त एवं सकारात्मक समाज का निर्माण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने इस अभियान को समाजहित में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। वहीं डॉ. एस.एन. केसरी ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए हानिकारक है तथा युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता है।

बी.के. रुक्मणी ने अपने आध्यात्मिक संदेश में बताया कि राजयोग मेडिटेशन, आत्मचिंतन एवं परमात्म स्मृति के माध्यम से व्यक्ति अपने मन को शक्तिशाली बनाकर नकारात्मक आदतों एवं व्यसनों पर सहज विजय प्राप्त कर सकता है। कार्यक्रम के अंत में नितिन चतुर्वेदी ने सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि माउंट आबू से आया यह नशा मुक्ति रथ आगामी दो माह में पूरे कोरबा जिले में जनजागरण का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

About The Author