कोरबा में 10 दिनों में ट्रेन से कटकर 3 युवकों की मौत, एक की अब तक नहीं हुई पहचान
कोरबा। जिले में पिछले 10 दिनों के भीतर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन से कटकर आत्महत्या और संदिग्ध मौत के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं ने पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। तीनों मामलों में दो युवकों की पहचान हो चुकी है, जबकि एक अज्ञात युवक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है।
पहली घटना उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी के पास की है। यहां रेलवे ट्रैक पर दमखांचा मड़वारानी निवासी 22 वर्षीय राज सिंह गोंड का शव क्षत-विक्षत हालत में मिला था। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि जांच में परिजनों ने जानकारी दी कि राज शराब के नशे में घर पहुंचा था और तोड़फोड़ कर रहा था। मां द्वारा समझाइश देने पर वह नाराज होकर “घर से जा रहा हूं” कहकर निकल गया। आशंका जताई जा रही है कि गुस्से में आकर उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के टीपी नगर फाटक के पास हुई थी। यहां रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिला था। मृतक के पास केवल घर की चाबी बरामद हुई थी। घटना को 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक युवक की पहचान नहीं हो सकी है। बाद में छत्तीसगढ़ हेल्प वेलफेयर सोसायटी ने सीएसईबी चौकी पुलिस के सहयोग से अज्ञात युवक का अंतिम संस्कार कराया। सोसायटी के जिला अध्यक्ष अविनाश कुमार गुप्ता ने बताया कि संस्था वर्ष 2016 से अब तक 500 से अधिक लावारिस शवों का अंतिम संस्कार कर चुकी है।
तीसरी घटना बुधवार शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के विद्युत संयंत्र रेलवे ट्रैक की है। यहां पानी टंकी कोरबा निवासी 25 वर्षीय अजय निषाद का शव मिला। परिजनों ने बताया कि अजय मानसिक तनाव से गुजर रहा था और पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।









