कोरबा में दोस्त बना दुश्मन: पत्नी को कट्टा दिखाकर दी जान से मारने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की पत्नी को देशी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी दे दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से देशी कट्टा व जिंदा कारतूस बरामद किया है।
घटना बांधापारा गांव की है, जहां एक दंपती के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पति ने अपने इस विवाद की जानकारी अपने दोस्त राजेश दुबे (43) को दी थी। इसके बाद आरोपी शुक्रवार रात कट्टा-कारतूस लेकर दोस्त के घर पहुंच गया।
घर में घुसते ही आरोपी ने महिला के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देशी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने लगा। इस दौरान उसने महिला के साथ मारपीट भी की। डरी-सहमी पीड़िता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जटगा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी राजेश दुबे को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ।















