विश्वभर में श्रद्धा के साथ मनाया गया विश्व नवकार महामंत्र दिवस
आज पूरे विश्व में विश्व नवकार महामंत्र दिवस अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विभिन्न देशों में जैन समाज के लोगों ने एक साथ नवकार महामंत्र का जाप कर विश्व शांति, अहिंसा और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
भारत सहित कई देशों में मंदिरों, जैन भवनों एवं सामुदायिक स्थलों पर विशेष आयोजन किए गए। इसी क्रम में कोरबा स्थित जैन भवन (पुराना बस स्टैंड) में भी श्री श्वेताम्बर जैन समिति के तत्वावधान में आयोजन हुआ, जहां लगभग 85 श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप किया।
इस दौरान उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने विश्व में शांति, सद्भावना एवं बंधुत्व की भावना के प्रसार की कामना की। कार्यक्रम में अनुशासन, एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
समिति द्वारा सभी सहभागियों का साधुवाद एवं अनुमोदन किया गया तथा इस पावन दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दी गईं।
















