भाजपा स्थापना दिवस पर कोरबा में आयोजन, नेताओं ने गिनाई उपलब्धियां
कोरबा, 6 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर कोरबा में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के इतिहास, संघर्ष और वर्तमान उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
वक्ताओं ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी। इससे पूर्व पार्टी के नेता भारतीय जनसंघ के रूप में कार्यरत थे, जिसकी स्थापना अक्टूबर 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा की गई थी। जनसंघ को आगे बढ़ाने में पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी एवं लालकृष्ण आडवाणी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा गया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा आपातकाल लागू कर विपक्षी नेताओं को जेल भेजा गया, लेकिन लोकतंत्र की रक्षा के लिए पार्टी के नेताओं ने संघर्ष जारी रखा।
वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। एक वोट से सरकार गिरने के बावजूद उन्होंने सत्ता के लिए अनुचित रास्ता अपनाने से इंकार किया। उनके कार्यकाल में भारत ने परमाणु शक्ति के रूप में अपनी पहचान मजबूत की तथा शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए।
इस दौरान वर्तमान प्रधानमंत्री के कार्यों की समीक्षा करते हुए कश्मीर से धारा 370 हटाने, राम मंदिर निर्माण एवं देशभर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को प्रमुख उपलब्धियां बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री, भाजपा कोरबा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, महापौर संजू देवी राजपूत, पूर्व जिला अध्यक्ष सह प्रभारी राजीव सिंह, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, वरिष्ठ नेता ज्योति दीदी, योगेश भैया, पार्षद नरेंद्र देवांगन एवं कोषाध्यक्ष शिव पांडे सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि वे विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का स्थापना दिवस मना रहे हैं। वहीं जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने पार्टी के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को स्मरण किया।















