होली पर सख्त हुआ प्रशासन: “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान में 33 जेल भेजे गए, 94 पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
कोरबा। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए जिला कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत सघन कार्रवाई करते हुए असामाजिक तत्वों पर कड़ी नकेल कसी है। विशेष अभियान के दौरान 33 लोगों को वैधानिक कार्रवाई के तहत जेल भेजा गया, जबकि 94 लोगों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में 1 मार्च 2026 को शहरभर में विशेष चेकिंग और कसावट अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात नियमों का पालन और त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर व्यापक कार्रवाई की।
-
बिना नंबर प्लेट वाहनों पर 10 चालानी कार्रवाई
-
तीन सवारी चलाने वाले 51 व्यक्तियों पर कार्रवाई
-
शराब पीकर वाहन चलाने वाले 27 चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई
-
रात्रि में सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी और बेवजह घूमने वालों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों पर कार्रवाई
कोरबा पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत 28 प्रकरणों में 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा। वहीं धारा 126(B) और 135(3) बीएनएसएस के तहत 83 प्रकरणों में 94 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सभी मामलों में विधिवत कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई है।
पुलिस की सख्त चेतावनी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
नागरिकों से अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से होली शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने, नियमों का पालन करने तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।















