पुराना बस स्टैंड की विदेशी मदिरा दुकान हटाने की मांग तेज, मंत्री लखन लाल देवांगन ने लिया संज्ञान
कोरबा। शहर के पुराना बस स्टैंड कोरबा क्षेत्र में संचालित विदेशी मदिरा दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग अब तेज हो गई है। इस मामले में कोरबा विधायक एवं प्रदेश के आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने संज्ञान लेते हुए आबकारी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
व्यापारियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से मुलाकात कर शराब दुकान हटाने के संबंध में आवेदन सौंपा था। मंत्री ने तत्काल मामले पर टिप्पणी करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को धन्यवाद देते हुए इस मुद्दे पर गंभीर पहल की मांग की है।
इधर, व्यापारियों और संगठन प्रमुखों ने कुणाल दुदावत के नाम भी आवेदन सौंपते हुए अपर कलेक्टर से मुलाकात कर शराब दुकान हटाने की मांग की है। वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद सुलोचना यादव ने भी पत्र लिखकर इस मांग का समर्थन किया है।
कई संगठनों ने उठाई आवाज
इस मुद्दे को लेकर शहर के कई सामाजिक, धार्मिक और व्यापारी संगठनों ने भी पत्राचार कर दुकान को अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है। इनमें प्रमुख रूप से
-
जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज कोरबा
-
रोटरी क्लब कोरबा
-
मध्य नगरीय व्यापारी संघ कोरबा
-
सरस्वती शिशु मंदिर पुराना बस स्टैंड
-
गुरु सिंह सभा इतवारी बाजार
-
श्री श्याम मित्र मंडल कोरबा
-
श्री पंचदेव मंदिर सेवा समिति
-
श्री श्वेतांबर जैन समिति कोरबा
-
श्री राम जानकी मंदिर पुराना बस स्टैंड
शामिल हैं।
संवेदनशील क्षेत्र में दुकान संचालन पर आपत्ति
संगठनों का कहना है कि यह दुकान घनी आबादी और संवेदनशील क्षेत्र में संचालित हो रही है। आसपास मंदिर, स्कूल और व्यापारिक प्रतिष्ठान स्थित हैं, वहीं यह शहर का प्रमुख आवागमन केंद्र भी है, जहां दिनभर आम नागरिकों, महिलाओं और विद्यार्थियों की आवाजाही रहती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, गाली-गलौज, झगड़े और अन्य अनुचित गतिविधियां बढ़ रही हैं। इससे क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है, यातायात व्यवस्था बाधित होती है और विद्यार्थियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।









