कोरबा कोतवाली में पब्लिक टॉयलेट की बदहाल स्थिति, जिम्मेदार बेखबर
कोरबा। शहर के मुख्य थाना परिसर कोतवाली कोरबा में आगंतुकों के लिए बनाए गए महिला एवं पुरुष प्रसाधन कक्ष की हालत बेहद खराब पाई गई है। परिसर में बने सार्वजनिक शौचालय में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
तस्वीरों में स्पष्ट देखा जा सकता है कि शौचालय के अंदर गंदा पानी जमा है, फर्श और सीट पर कीचड़ व दाग जमे हुए हैं तथा साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। दीवारों पर गंदगी और दुर्गंध के कारण वहां खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा है।
यह शौचालय प्रतिदिन थाना परिसर में आने वाले फरियादियों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों के उपयोग के लिए बनाया गया है, लेकिन मौजूदा स्थिति स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम और थाना प्रशासन दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, लेकिन लंबे समय से उपेक्षा के कारण स्थिति बदतर होती जा रही है।
जनता का आरोप है कि जब पुलिस थाने जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय में यह हाल है, तो अन्य सार्वजनिक स्थलों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस ओर कब ध्यान देता है और आम जनता को स्वच्छ एवं सुरक्षित सुविधा उपलब्ध कराता है।











