कोरबा: NTPC कॉलोनी में डीजीएम अधिकारियों के सरकारी आवासों में चोरी, लाखों के नुकसान की आशंका
कोरबा। जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एनटीपीसी के दो वरिष्ठ अधिकारियों—डीजीएम रंजन कुमार श्रीवास्तव और डीजीएम जीवराज जाट—के सरकारी आवासों को निशाना बनाकर कीमती सामान पार कर दिया। घटना 11 फरवरी की रात की बताई जा रही है, जब दोनों अधिकारी अपने परिवार के साथ शहर से बाहर गए हुए थे।
पड़ोसियों ने देखा टूटा ताला, पुलिस को दी सूचना
अगली सुबह जब पड़ोसियों ने दोनों घरों के ताले टूटे देखे, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। दोनों घरों के अंदर सामान बिखरा मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने पूरी तरह तलाशी लेकर चोरी को अंजाम दिया।
शादी में गया था परिवार, लौटने पर होगा नुकसान का आकलन
डीजीएम जीवराज जाट का परिवार दो दिन पहले अपनी बेटी की शादी के सिलसिले में राजस्थान गया हुआ है। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। जाट ने बताया कि चोरी हुए सामान और नुकसान का सही आकलन उनके लौटने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने उनके कमरे को सुरक्षित कर दिया है।









