कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: बारात जा रहे युवा कांग्रेस नेता समेत दो की मौत, ब्लॉक अध्यक्ष गंभीर

कोरबा जिले में गुरुवार रात एक भीषण सड़क हादसे में युवा कांग्रेस नेता समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सहित दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर खाईनुमा लेन में जा गिरी और तीन बार पलट गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मस्तूरी निवासी एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक व वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय अपनी कार (क्रमांक सीजी 10 बीएफ 9922) से बालको में परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। कार में उनके साथ मस्तूरी के शिवम ऑटोमोबाइल एजेंसी के मालिक ढालू अग्रवाल (विराट), मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला राम साहू और ड्राइवर राहुल मौजूद थे। सभी रात करीब साढ़े नौ बजे उरगा क्षेत्र में पहुंचे थे।

बताया जा रहा है कि इससे पहले सभी लोग बिलासपुर के छाबड़ा पैलेस में एक शादी समारोह में शामिल हुए थे और वहां से बालको के लिए रवाना हुए थे। शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटकने के कारण उनकी कार निर्माणाधीन लेन में उतर गई। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी और पलटते हुए तीन बार उलट गई।

हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर व सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला राम साहू और ड्राइवर राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे दोस्तों ने तत्काल घायलों को बिलासपुर स्थित अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में सुरक्षित रखा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

About The Author