पामगढ़ तहसील में ACB का बड़ा ट्रैप, अतिरिक्त तहसीलदार व पटवारी 35 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ तहसील कार्यालय में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त तहसीलदार करुणा आहेर और पटवारी आयुष ध्रुव को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से तहसील परिसर में मौजूद कर्मचारियों, वकीलों और आम लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

धान उपार्जन केंद्र प्रभारी से मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, पामगढ़ ब्लॉक के चोरभट्टी धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी से धान खरीदी से संबंधित भौतिक सत्यापन और टोकन काटने के मामले में दोनों अधिकारियों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि अनुकूल जांच रिपोर्ट देने के एवज में अतिरिक्त तहसीलदार और पटवारी ने 35 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

शिकायत के बाद बनी ट्रैप की योजना
रिश्वत की मांग से परेशान उपार्जन केंद्र प्रभारी ने पूरे मामले की लिखित शिकायत एसीबी बिलासपुर कार्यालय में की। शिकायत के बाद एसीबी ने प्रारंभिक सत्यापन कराया, जिसमें शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

रिश्वत लेते ही ACB ने दबोचा
योजना के अनुसार बुधवार को एसीबी की टीम पहले से पामगढ़ तहसील कार्यालय परिसर में तैनात रही। जैसे ही दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि स्वीकार की, प्रार्थी के संकेत पर एसीबी की टीम ने तत्काल दबिश देकर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।

केमिकल टेस्ट में पुष्टि
एसीबी ने आरोपियों के पास से वही 35 हजार रुपये बरामद किए, जिनकी नोट सीरीज पहले से दर्ज थी। इसके बाद केमिकल टेस्ट कराए गए, जिसमें दोनों के हाथ रंगे पाए गए, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई।

तहसील परिसर में मचा हड़कंप
कार्रवाई के दौरान तहसील परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। चूंकि परिसर में एसडीएम कार्यालय और व्यवहार न्यायालय भी स्थित है, इसलिए उस समय बड़ी संख्या में वकील और पक्षकार मौजूद थे। अचानक हुई रेड से कुछ समय के लिए कामकाज भी प्रभावित रहा।

पूछताछ जारी, न्यायिक रिमांड की तैयारी
एंटी करप्शन ब्यूरो ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं पूर्व में भी इस तरह की गतिविधियां तो नहीं हुई थीं। एसीबी की टीम आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।

About The Author