स्वच्छता महासंकल्प 2026: कोरबा में 10 हजार लोग एक साथ करेंगे स्वच्छता का संकल्प
कोरबा। नगर निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पांडे ने जिलेवासियों से स्वच्छता को लेकर जागरूक होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक अमले की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि शहर के हर नागरिक का कर्तव्य है। जब तक आमजन इसमें सहभागिता नहीं करेंगे, तब तक स्वच्छ और सुंदर कोरबा का सपना पूरा नहीं हो सकता।
6 फरवरी को होगा स्वच्छता महासंकल्प 2026 का आयोजन
नगर निगम कोरबा द्वारा 6 फरवरी 2026 को “स्वच्छता महासंकल्प 2026” कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष अभियान के तहत शहर में स्वच्छता को लेकर एकजुटता का संदेश दिया जाएगा।
200 मीटर लंबे बैनर पर करेंगे हस्ताक्षर
कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि एक साथ करीब 10 हजार लोग स्वच्छता का संकल्प लेते हुए 200 मीटर लंबे बैनर पर अपने हस्ताक्षर करेंगे। यह आयोजन स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है।
नागरिकों से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील
आयुक्त आशुतोष पांडे ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह महासंकल्प आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने की दिशा में एक मजबूत कदम होगा।









