पाली थाना विवाद के बाद बड़ा फैसला, जितेंद्र यादव हटे, नागेश तिवारी बने प्रभारी
कोरबा। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की सख्त चेतावनी और आंदोलन के संकेतों के बाद जिले के पुलिस प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। पाली थाना क्षेत्र में पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर उठे सवालों और बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए थाना प्रभारियों में फेरबदल किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र यादव को हटाकर करतला थाना भेज दिया गया है, जबकि उनकी जगह निरीक्षक नागेश तिवारी को पाली थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस कार्रवाई को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा दी गई चेतावनी और प्रस्तावित आंदोलन से जोड़कर देखा जा रहा है।
इसी क्रम में शहरी और संवेदनशील माने जाने वाले दर्री थाना में भी बदलाव किया गया है। यहां अनुभवी अधिकारी को थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। माना जा रहा है कि क्षेत्र की संवेदनशीलता और बढ़ती राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह फेरबदल केवल सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि संभावित आंदोलन और तनावपूर्ण स्थिति को टालने की रणनीति भी माना जा रहा है। हालांकि अब भी यह सवाल बना हुआ है कि क्या यह बदलाव केवल दबाव कम करने तक सीमित रहेगा या फिर थानों की कार्यशैली और पुलिसिंग में वास्तविक सुधार देखने को मिलेगा।
फिलहाल इन तबादलों से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रशासन किसी भी प्रकार की असहज स्थिति से बचने के लिए सतर्क है। आने वाले दिनों में पुलिस की कार्रवाई और भूमिका पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।









