सोनालिया पुल के पास रोज़ाना जाम से लोग बेहाल, स्थायी समाधान की मांग

कोरबा। सोनालिया पुल के आसपास प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम से आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय हालात और भी गंभीर हो जाते हैं, जिससे कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली बच्चों, मरीजों और व्यापारियों को घंटों जाम में फँसना पड़ता है।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा केवल ट्रैफिक पुलिस की तैनाती से समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। कुछ समय के लिए व्यवस्था संभल जाती है, लेकिन जाम की समस्या रोज़ की रोज़ बनी रहती है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि ट्रैफिक प्लान में स्थायी सुधार, सड़क संरचना में बदलाव, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था तथा अतिक्रमण पर सख़्त कार्रवाई की जाए।

नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द स्थायी और प्रभावी समाधान लागू करने की अपील की है।

About The Author