कोरबा पुलिस में बड़ी कार्रवाई, आरक्षक क्रमांक 127 राकेश मेहता और 771 राजेन्द्र राज सस्पेंड
कोरबा, 20 जनवरी। महिलाओं से जुड़े अपराधों को लेकर कोरबा पुलिस में बड़ी और सख्त कार्रवाई सामने आई है। बांकीमोंगरा थाना में पदस्थ दो आरक्षकों को गंभीर लापरवाही के आरोप में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भापुसे) ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक क्रमांक 127 राकेश मेहता और आरक्षक क्रमांक 771 राजेन्द्र राज पर आरोप है कि गैंगरेप पीड़िता जब थाना पहुंची थी, तब उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई और उसे बिना आवेदन लिए ही वापस लौटा दिया गया। इसे पुलिस कर्तव्य का गंभीर उल्लंघन माना गया है।
यह मामला हाल ही में सामने आए गैंगरेप प्रकरण से जुड़ा हुआ है, जिसमें पहले ही डायल 112 के चालक और पीड़िता के प्रेमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि घटना के बाद पीड़िता न्याय की आस लेकर बांकीमोंगरा थाना पहुंची थी, लेकिन ड्यूटी पर तैनात आरक्षकों की लापरवाही और उदासीनता के चलते उसकी फरियाद अनसुनी कर दी गई।
मामले की जांच पूरी होने के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने इसे गंभीर कर्तव्यहीनता मानते हुए दोनों आरक्षकों को निलंबित करने का आदेश जारी किया। एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी चाहे किसी भी पद पर क्यों न हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।
इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं, सभी थानों को महिलाओं से संबंधित मामलों में विशेष सतर्कता बरतने और शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।









