कोरबा में 27-28 दिसंबर को होगा 39वां अंतरराष्ट्रीय मंगलपाठ एवं भजनोत्सव, हजारों दादी भक्त होंगे शामिल
कोरबा। नमो नारायणी समिति कोरबा के तत्वावधान में शहर में 39वें अंतरराष्ट्रीय मंगलपाठ एवं भजनोत्सव का भव्य आयोजन 27 एवं 28 दिसंबर 2025 को किया जाएगा। इस आशय की जानकारी तिलक भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान समिति सदस्य आशीष मोदी ने पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि यह दो दिवसीय धार्मिक आयोजन होगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में दादी भक्तों की सहभागिता सुनिश्चित हो चुकी है। कार्यक्रम के पहले दिन 27 दिसंबर (शनिवार) को सुबह 9 बजे श्री पंचदेव मंदिर, पुराना बस स्टैंड कोरबा से भव्य शोभा यात्रा एवं पालकी यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा पुराना बस स्टैंड, पावर हाउस रोड, सुनालिया ज्वेलर्स होते हुए जय स्तंभ पहुंचेगी। शोभा यात्रा में 651 मनोकामना निशान एवं 151 कलश श्रद्धालुओं द्वारा धारण किए जाएंगे।
इसी दिन शाम 4 बजे से भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न शहरों से आए भजन कलाकार श्री तेजस राणा, मनोज शर्मा, प्रियंका गुप्ता एवं अपर्णा अग्रवाल अपने सुमधुर भजनों से दादी के गुणगान की प्रस्तुति देंगे।
28 दिसंबर (रविवार) को अंतरराष्ट्रीय भजन गायक एवं मंगलपाठ वाचक केशव–सौरभ मधुकर के सानिध्य में 3100 दादी भक्त महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे संगीतमय मंगलपाठ का वाचन करेंगे। मंगलपाठ के दौरान 56 भोग एवं सवामणी अर्पित की जाएगी। साथ ही आकर्षक झांकियां, चुनरी समर्पण एवं 12 महीनों के त्योहारों का प्रतीकात्मक मंचन भी प्रस्तुत किया जाएगा।
समिति द्वारा मंगलपाठ हेतु सहयोग राशि निर्धारित की गई है, जिसमें दादी का खजाना ₹101, मंगलपाठ सहयोग ₹501, सवामणी ₹5100 एवं छप्पन भोग ₹7100 शामिल है। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में कोलकाता, दिल्ली, राजरखला, झारसुगुड़ा, रायगढ़, रायपुर, अंबिकापुर, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, भाटापारा, खरसिया, नेला अकतरा, मनेन्द्रगढ़ सहित कई शहरों से दादी भक्तों की उपस्थिति रहेगी।
समिति ने बताया कि बाहर से आने वाले सभी भक्तों के आवास एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। अधिक जानकारी के लिए 9425532123, 9893907585, 7389912761, 9827180908 पर संपर्क किया जा सकता है।









