सावन में भक्ति का अनोखा स्वरूप: दर्री रोड स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में हनुमान रूप में सजे भोलेनाथ
कोरबा, 23 जुलाई। सावन के पवित्र माह में शिवभक्तों की आस्था का उत्सव निरंतर जारी है। कोरबा के दर्री रोड स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में हर दिन शिवलिंग को विशेष श्रृंगार कर अलग-अलग रूपों में सजाया जा रहा है। इसी क्रम में आज मंगलवार को भोलेनाथ का श्रृंगार भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
मंगलवार के दिन को भगवान हनुमान को समर्पित माना जाता है, इसी उपलक्ष्य में आज मंदिर समिति द्वारा शिवलिंग का श्रृंगार हनुमान जी के स्वरूप में किया गया। विशेष बात यह रही कि श्रृंगार के लिए हवन की पवित्र राख का प्रयोग किया गया, जिससे भगवान शिव का दिव्य रूप और अधिक प्रभावशाली प्रतीत हुआ। श्रद्धालुओं ने इस अलौकिक रूप के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना के बीच पूरे वातावरण में भक्ति की गूंज सुनाई दी। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि सावन माह के प्रत्येक दिन भोलेनाथ को भिन्न-भिन्न स्वरूपों में सजाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालु नए रूप में भगवान के दर्शन कर सकें।
श्रद्धालुओं ने इस श्रृंगार की सराहना करते हुए कहा कि यह रूप न केवल सुंदर था बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा से भी परिपूर्ण प्रतीत हुआ। मंदिर प्रांगण में विशेष व्यवस्था के तहत भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।















