भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी छत्तीसगढ़ की राज्य प्रबंध समिति का चुनाव संपन्न, टोखन साहू बने अध्यक्ष, IAS अशोक अग्रवाल को हराकर जीते, चुनाव में दिखा लोकतांत्रिक उत्साह

रायपुर, 11 अप्रैल 2025। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा की राज्य प्रबंध समिति का बहुप्रतीक्षित चुनाव आज राजधानी रायपुर में शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह चुनाव निर्विरोध नहीं हुआ, बल्कि कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अशोक अग्रवाल (IAS) को इस चुनाव में शिकस्त का सामना करना पड़ा।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम.के. राउत की उपस्थिति में संपन्न इस चुनाव में श्री टोखन साहू को अध्यक्ष, श्री रूपेंद्र पाणिग्रही को उपाध्यक्ष और श्री संजय पटेल को कोषाध्यक्ष के रूप में चुना गया। चुनाव प्रक्रिया में समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

नतीजों की घोषणा के साथ ही परिसर में हर्षोल्लास का माहौल बन गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्री टोखन साहू ने कहा कि वे संस्था के सेवा मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ में रेड क्रॉस के कार्यों को नई दिशा देने के लिए संकल्पित हैं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम.के. राउत ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया, “छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद यह पहला मौका है जब राज्य शाखा में विधिवत रूप से प्रबंध समिति का चुनाव हुआ है। यह संस्था के भीतर लोकतंत्र और पारदर्शिता की मिसाल है।”

गौरतलब है कि रेड क्रॉस सोसाइटी स्वास्थ्य, आपदा राहत और सामाजिक कल्याण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाती है। नए नेतृत्व से संस्था को नई ऊर्जा और जनहितकारी कार्यों में तेजी की उम्मीद की जा रही है।

About The Author