कोरबा में मेन रोड की शराब दुकान बनी मुसीबत: सड़क से गलियों तक शराबखोरी, गौरीशंकर मंदिर और मधु स्वीट्स गली के लोग परेशान; शिफ्टिंग का इंतजार
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में मुख्य मार्ग पर संचालित अंग्रेजी शराब दुकान आसपास के रहवासियों, व्यापारियों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। शराब दुकान के सामने सड़क पर लगने वाली भीड़ अब आसपास की गलियों तक पहुंच गई है। आरोप है कि शराब खरीदने के बाद लोग सड़क किनारे और गौरीशंकर मंदिर व मधु स्वीट्स की ओर जाने वाली गलियों में बैठकर शराब पीते हैं। इससे इलाके में गंदगी, गाली-गलौच, पेशाब और विवाद की स्थिति बन रही है। स्थानीय लोग लंबे समय से शराब दुकान को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
सड़क पर खड़े होते हैं वाहन, दिनभर बिगड़ती है यातायात व्यवस्था
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शराब दुकान में खरीदारी करने पहुंचने वाले लोग अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं। कई बार वाहन आधी सड़क तक खड़े रहते हैं, जिससे आवागमन प्रभावित होता है। सुबह से शुरू होने वाली यह परेशानी शाम और रात के समय और बढ़ जाती है।
आरोप है कि शराब खरीदने वाले कई लोग दुकान के आसपास ही शराब पीने लगते हैं। खाली बोतलें, डिस्पोजल और अन्य कचरा सड़क पर छोड़ दिया जाता है। इससे मुख्य मार्ग के साथ आसपास का क्षेत्र भी गंदगी की चपेट में आ रहा है।
गौरीशंकर मंदिर और मधु स्वीट्स गली में भी परेशानी
शराब दुकान के आसपास स्थित गौरीशंकर मंदिर और मधु स्वीट्स की ओर जाने वाली गलियों के रहवासी और व्यापारी सबसे ज्यादा परेशान बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन गलियों में शराब पीने वालों की मौजूदगी से महिलाओं, बच्चों और आम राहगीरों को आने-जाने में असहजता होती है।
व्यापारियों के मुताबिक, सड़क पर खड़े वाहनों और शराब पीने वालों के कारण ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में भी परेशानी होती है। गलियों में खाली डिस्पोजल और शराब की बोतलें मिलने से आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है।
शराब पीने से मना करने पर विवाद की स्थिति
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क और गलियों में शराब पीने से मना करने पर कई बार विवाद की नौबत आ जाती है। ऐसे में रहवासी और व्यापारी सीधे विरोध करने से भी बचते हैं।
लोगों का सवाल है कि जब शराब दुकान का संचालन सरकारी व्यवस्था के तहत हो रहा है, तो उसके आसपास यातायात, सार्वजनिक व्यवस्था और गंदगी रोकने की जिम्मेदारी किसकी है? दुकान से शराब की बिक्री के बाद आसपास होने वाली गतिविधियों पर भी संबंधित विभागों को ध्यान देना चाहिए।
आबकारी मंत्री के निर्देश के बाद भी नहीं हुई दुकान की शिफ्टिंग
स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर प्रदेश के आबकारी मंत्री और कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन से कई बार मुलाकात कर शिकायत की थी। लोगों के मुताबिक, 14 फरवरी को जिला आबकारी अधिकारी को शराब दुकान की शिफ्टिंग के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे।
इसके बाद आबकारी विभाग की ओर से दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के प्रयास शुरू किए जाने की बात कही गई थी। हालांकि, कई महीने बीतने के बाद भी दुकान की शिफ्टिंग नहीं हो सकी है। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
आउटर में सरकारी जमीन पर दुकान शिफ्ट करने का सुझाव
स्थानीय नागरिकों का सुझाव है कि शहर के आउटर क्षेत्र में उपलब्ध सरकारी जमीन को चिन्हित कर वहां शराब दुकान के लिए उपयुक्त भवन बनाया जा सकता है। लोगों का कहना है कि आसपास कई स्थानों पर सरकारी जमीन खाली पड़ी है। प्रशासन और आबकारी विभाग आपसी समन्वय से ऐसी जमीन का उपयोग कर सकते हैं।
इससे मुख्य सड़क पर लगने वाली भीड़, यातायात की समस्या और आसपास की गलियों में होने वाली शराबखोरी से राहत मिलने की उम्मीद है।
अब कार्रवाई का इंतजार, प्रशासन और आबकारी विभाग से सवाल
स्थानीय व्यापारी और रहवासी चाहते हैं कि उनका कारोबार सामान्य रूप से चले और आम लोगों को सड़क तथा गलियों से गुजरने में परेशानी न हो। लोगों का कहना है कि वे किसी विवाद में पड़ना नहीं चाहते, बल्कि शराब दुकान की शिफ्टिंग के जरिए स्थायी समाधान चाहते हैं।
अब सवाल यह है कि आबकारी मंत्री के निर्देश के बाद भी दुकान स्थानांतरित करने की कार्रवाई पूरी क्यों नहीं हुई? क्या प्रशासन को उपयुक्त जगह नहीं मिल रही या फिर शिफ्टिंग की प्रक्रिया में देरी हो रही है? फिलहाल पूरे इलाके के लोगों की नजर जिला प्रशासन और आबकारी विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी है।










