• nagardarpannews

महाराणा प्रताप चौक के पास टायर दुकान में आग, असामाजिक तत्वों पर आगजनी का शक

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में शनिवार सुबह महाराणा प्रताप चौक के पास एक टायर दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दुकान के बाहर रखे टायर आग की लपटों में घिर गए और आग दुकान के अंदर तक पहुंच गई। टायरों के धू-धूकर जलने और आसमान में उठती ऊंची लपटों का वीडियो भी सामने आया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आगजनी में दुकान संचालक को 80 हजार रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है।

अब्दुल्ला टायर दुकान में लगी आग

जानकारी के मुताबिक, सीएसईबी चौकी क्षेत्र में महाराणा प्रताप चौक के पास मोहम्मद नौशाद की अब्दुल्ला टायर नाम से दुकान है। शनिवार सुबह एक स्थानीय व्यक्ति ने फोन कर दुकान में आग लगने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही दुकान संचालक मौके पर पहुंचे। उस समय दुकान के बाहर रखे टायर जल रहे थे और आग की लपटें दुकान के अंदर तक पहुंच चुकी थीं।

मोहल्लेवासियों ने मिलकर बुझाई आग

आग की भयावहता देखकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। मोहल्लेवासियों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग आसपास की अन्य दुकानों तक फैलने से बच गई। हालांकि, तब तक दुकान के बाहर रखे टायर और अन्य सामान जलकर खाक हो चुके थे।

असामाजिक तत्वों पर आग लगाने का शक

दुकान संचालक मोहम्मद नौशाद ने आगजनी के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई है। उनका शक है कि किसी ने जानबूझकर दुकान के बाहर रखे टायरों में आग लगाई होगी। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

पुलिस जांच के बाद होगा खुलासा

फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। यह हादसा है या किसी ने जानबूझकर आग लगाई है, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। आगजनी में 80 हजार रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

About The Author