• nagardarpannews

कटघोरा में दो सड़क हादसों से मचा हड़कंप, कहीं ट्रक तो कहीं स्कॉर्पियो ने ली जान

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। छुरी और नेशनल हाईवे-130 पर हुए इन हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। दोनों मामलों में जांच जारी है।

छुरी में बाइक सवार दंपती को ट्रक ने मारी टक्कर, पति की मौत

पहली घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी की है। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार दंपती दीपका से सिरकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

NH-130 पर स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

दूसरी दुर्घटना नेशनल हाईवे-130 पर तानाखार के लालघाट के पास हुई। यहां बाइक सवार युवक को स्कॉर्पियो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी जान चली गई।

इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।

दो हादसों में दो की मौत, ट्रक और स्कॉर्पियो जब्त

कटघोरा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए दोनों सड़क हादसों में दो लोगों की मौत के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। फिलहाल दोनों दुर्घटनाओं के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

लगातार हुए इन हादसों ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों की समस्या को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

About The Author