भालू के अवैध शिकार और साक्ष्य नष्ट करने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार
कोरबा, 24 नवंबर 2026/ कटघोरा वनमंडल के केंदई वन परिक्षेत्र में भालू के अवैध शिकार और साक्ष्य नष्ट करने के मामले में वन विभाग ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी ग्राम दम्हामुड़ा, थाना पसान, जिला कोरबा के निवासी हैं। न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद उन्हें 14 दिवस की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
वन विभाग के अनुसार, 21 नवंबर को केंदई वन परिक्षेत्र के छिंदिया परिसर में फंदा लगाकर भालू का अवैध शिकार किए जाने की सूचना मिली थी। विभागीय दल ने घटनास्थल की जांच की, जहां रक्त के निशान और फंदे में प्रयुक्त क्लच वायर मिला। जांच में यह जानकारी भी सामने आई कि घटना के अगले दिन भालू के शव को झिनपुरी परिसर ले जाकर साक्ष्य नष्ट करने की नीयत से जलाया गया तथा उसके अवशेष अंजननाला नदी के किनारे फेंके गए।
प्रकरण में वन अपराध क्रमांक 12606/11 दर्ज कर वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (यथासंशोधित 2022) की धारा 2(16), 9, 39(1), 39(3)(a), 39(3)(b), 39(3)(c), 48A, 39(2), 40(2), 50(1) एवं 52 के अंतर्गत कार्रवाई की गई है। वन विभाग के अनुसार, अनुसूची-I के अंतर्गत संरक्षित वन्यप्राणी से संबंधित अपराध में अधिनियम की धारा 51(1) के तहत न्यूनतम तीन वर्ष से अधिकतम सात वर्ष तक के कारावास एवं जुर्माने का प्रावधान है।
चारों आरोपियों को 24 नवंबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कटघोरा के न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें 14 दिवस की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका और संबंधित साक्ष्यों के संबंध में विवेचना जारी है।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी कटघोरा श्री जितेन्द्र कुमार उपाध्याय के निर्देशन एवं उप वनमंडलाधिकारी सुश्री मृगजा जालिंदर यादव के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में केंदई वन परिक्षेत्र अधिकारी श्री अभिषेक कुमार दुबे, परिक्षेत्र सहायक श्री शारदा प्रसाद शर्मा, परिसर रक्षक श्री मुरारी लाल साहू, श्री मंगल नायक, श्री गंगाराम नेताम तथा अन्य वनकर्मी शामिल रहे।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि जंगल या उसके आसपास वन्यजीव को फंसाने के लिए लगाए गए फंदे, तार या अन्य संदिग्ध सामग्री दिखाई दे तो उसे स्वयं न छुएं और तत्काल निकटतम वन कार्यालय को सूचना दें। घायल वन्यजीव दिखने या अवैध शिकार की जानकारी मिलने पर भी वन अमले को अवगत कराएं। समय पर दी गई सूचना वन्यजीवों की जान बचाने और दोषियों तक पहुंचने में मदद कर सकती है। वन्यजीवों का संरक्षण केवल वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।










