• nagardarpannews

BALCO में 400 से अधिक महिला कर्मचारियों से नाइट शिफ्ट में काम कराने की शिकायत, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संचालनालय ने दिए जांच के निर्देश

कोरबा। भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (BALCO) कोरबा में 400 से अधिक महिला कर्मचारियों से रात्रिकालीन पाली (Night Shift) में काम कराने और वैधानिक अनुमति व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शिकायत का मामला एक बार फिर सामने आया है। इस मामले में औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने संज्ञान लेते हुए कोरबा के उप संचालक को शिकायत के सभी बिंदुओं की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

संचालनालय की ओर से नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन से जारी पत्र में कहा गया है कि शांतिनगर पुनर्वास समिति, कोरबा की आवेदिका सुहानी शाह ने ई-मेल के माध्यम से दोबारा शिकायत की है। शिकायत में विभाग की पूर्व कार्रवाई पर भी सवाल उठाए गए हैं। इसके बाद संचालनालय ने मामले का परीक्षण कर त्वरित निराकरण और कार्रवाई प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा है।

400 से अधिक महिला कर्मचारियों से नाइट शिफ्ट में काम कराने का आरोप

सुहानी शाह की शिकायत के अनुसार, BALCO प्लांट में 400 से अधिक महिला कर्मचारियों से नाइट शिफ्ट में काम कराया जा रहा है। शिकायत में महिला कर्मचारियों को रात्रिकालीन पाली में काम कराने के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमति, सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित नियमों के पालन की जांच कराने की मांग की गई है।

इसके साथ ही शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पूर्व में तैयार की गई जांच रिपोर्ट में महिला कर्मचारियों के अटेंडेंस रिकॉर्ड (Attendance Record) को शामिल नहीं किया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

विभाग की पिछली कार्रवाई पर भी उठाए सवाल

संचालनालय द्वारा जारी पत्र में उल्लेख किया गया है कि कोरबा के उप संचालक ने 15 अक्टूबर 2026 को पत्र क्रमांक DDK/HIS/शिका/12/2026/628 के माध्यम से शिकायत पर की गई कार्रवाई का विवरण भेजा था।

हालांकि, संचालनालय ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में उप संचालक कार्यालय के पत्र क्रमांक 46, दिनांक 30 जनवरी 2026 के साथ कोई आवेदन या दस्तावेज संलग्न नहीं किया गया था।

इसके बाद 9 नवंबर 2026 को सुहानी शाह की ओर से दोबारा ई-मेल के जरिए शिकायत भेजी गई। इसमें पूर्व जांच प्रक्रिया और रिपोर्ट में जरूरी दस्तावेजों को शामिल नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठाए गए।

कोरबा के उप संचालक को गंभीरता से जांच के निर्देश

मामले में प्रभारी संचालक मार्श कुमार सारस्तिया ने कोरबा के उप संचालक को निर्देशित किया है कि शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं का गंभीरतापूर्वक परीक्षण किया जाए। नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायत का जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

साथ ही की गई कार्रवाई से आवेदिका को अवगत कराने और इसकी रिपोर्ट संचालनालय को भी भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

अब जांच रिपोर्ट पर टिकी नजरें

संचालनालय के निर्देश के बाद अब BALCO में महिला कर्मचारियों की नाइट शिफ्ट, इसके लिए जरूरी वैधानिक अनुमति, सुरक्षा इंतजाम और अटेंडेंस रिकॉर्ड की जांच को लेकर आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल 400 से अधिक महिला कर्मचारियों से रात्रिकालीन पाली में काम कराने संबंधी शिकायत के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और विभागीय जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

About The Author